सुजानपुर(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा के वार्ड एक व नौ के बाशिंदों को बिजली कट से निजान दिलाने के लिए बिजली बोर्ड ने ट्रांसफार्मर स्थापित करने की योजना बना ली है। वार्ड के लोगों को बिजली की आंखमिचौनी से निजात मिलेगी। सुजानपुर नगर परिषद के वार्ड एक व नौ में लंबे समय से बिजली सप्लाई बाधित होने से वार्ड निवासियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
वार्ड में बिजली सप्लाई के लिए ट्रासंफार्मर 250 केवी की कम क्षमता का होने से वोल्टेज की समस्या के चलते कट लगते रहते थे। वार्ड निवासी सुमन, रजन, अशोक, संजय ने इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की थी। नगर परिषद अध्यक्ष रमन भट्टनागर ने भी इस समस्या को उठाया था। बिजली बोर्ड ने समस्या से निजात दिलाने के लिए योजना बना ली है। बोर्ड द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली की सप्लाई सुचारु रूप से हो पाएगी। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता हेमराज ठाकुर ने कहा कि यहा 100 केवी का अलग से ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा ताकि जनता की समस्या हल हो।