हमीरपुर। जिला हमीरपुर में स्वाइन फ्लू की चपेट में दो और लोग आ गए हैं। दो और मरीजों के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने से अब जिले में इस रोग के कुल आठ रोगी हो गए हैं। इससे पूर्व जिले के छह स्वाइन फ्लू पॉजिटिव में से तीन की मौत हो चुकी है। अब इस सप्ताह दो और रोगी टांडा मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू के मामलों से जिला हमीरपुर भी अछूता नहीं रहा है। पॉजिटिव पाए गए इन दो लोगों में से एक छबोट से 26 वर्षीय महिला और एक नादौन उपमंडल के शंकर गांव से 84 वर्षीय वृद्ध शामिल हैं। इन दोनों मरीजों का उपचार मेडिकल कॉलेज टांडा में चल रहा है।
वहीं, जिला स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दोनों रोगियों के घर जाकर संबंधियों और आसपास के लोगों को दवाइयां वितरित कर दी हैं। इसके अलावा विभाग की टीम ने लोगों को स्वाइन फ्लू के प्रति जागरूक भी किया है। पूर्व में उपमंडल भोरंज, तहसील गलोड़ से तीन लोगों की मौत स्वाइन फ्लू के कारण हो चुकी है। वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से भी बीते दिनों करीब आधा दर्जन लोगों को स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दो रोगी स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव निकले हैं। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजय जगोता का कहना है कि छबोट से 26 वर्षीय महिला और नादौन से 84 वर्षीय वृद्ध महिला इस सप्ताह स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाई गई हैं। दोनों के परिवारों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवाइयां वितरित कर दी हैं। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
बुखार, खांसी, नाक बहना, सिर दर्द, गले में खराश, मांसपेशियों में दर्द और जकड़न, छोटे बच्चों, गर्भवती और वृद्ध होते हैं अधिक प्रभावित।
बचाव
खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित व्यक्ति से दूर रहें। खांसते, छींकते समय मुंह को रुमाल से ढकें, आंख, नाक, मुंह को छूने के बाद हाथ अच्छी तरह साबुन से धोएं। भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें, लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।