हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम ड्राइवर्स यूनियन की बैठक प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हमीरपुर में हुई। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, प्रदेश प्रेस सचिव जगरनाथ ठाकुर, पवन कुमार ठाकुर, रत्न चंद मौजूद रहे। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मंडी क्षेत्र से ड्राइवर्स यूनियन के लाल रंग के पैड का सोशल मीडिया पर वायरल होना दुखद है।
जबकि संघ का मंडी क्षेत्र में पैड नीले रंग का है। इस लाल रंग के पैड पर मंडलीय प्रबंधक शिमला के बारे में गैर जिम्मेदाराना बयान छपा था। इस गलत पैड का इस्तेमाल अलग-अलग संगठन के पदाधिकारी ड्राइवर्स यूनियन की छवि खराब करने में लगे हुए हैं। इसमें मंडी क्षेत्र से संघ के प्रदेश उपप्रधान प्रकाश चंद की भी मिलीभगती है। इसलिए संघ ने उक्त पदाधिकारी को संघ से निष्कासित कर दिया है। कहा कि प्रकाश चंद पत्राचार के माध्यम से संघ की छवि खराब करने में लगा हुआ है। अध्यक्ष ने कहा कि अगर इसके बाद भी वह नहीं माना तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।