बिझड़ी (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर की एक सहकारी सभा सीमित पर एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। व्यक्ति ने अध्यक्ष को दी शिकायत में लिखा गया है कि करीब दो साल पहले उसके खाते से किसी अन्य व्यक्ति को हजारों रुपये का ऋण दे दिया गया। जबकि, असलियत में उसने पिछले दो सालों से कभी सहकारी सभा से ऋण लिया ही नहीं है।
इसका पता शिकायतकर्ता को तभी लगा जब वह सहकारी सभा से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने पहुंचा तो वहां पर उसे बताया गया कि वह डिफॉल्टर हैं। जबकि शिकायतकर्ता की पास बुक में ऋण लेना कभी दर्शाया ही नहीं गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि शीघ्र ही इसकी पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई जाएगी ताकि, उन्हें न्याय मिल सके। इस संदर्भ में जिला सहकारी सभा सीमित के अध्यक्ष यशवीर पटियाल का कहना है कि उन्हें इस बारे कोई जानकारी नहीं है। फिर भी मामले की पूरी जांच की जाएगी।