हमीरपुर। श्रेष्ठ शहर योजना के अंतर्गत बुधवार को नगर परिषद हमीरपुर कार्यालय में एसडीएम शिल्पी बेक्टा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें नगर परिषद हमीरपुर के पार्षदों ने भाग लिया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रगति की समीक्षा करने के साथ हमीरपुर शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनानेे के लिए विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम शिल्पी बेक्टा ने नगर परिषद ईओ और पार्षदों को निर्देश दिए कि वह डोर-टू-डोर कूड़ा इकट्ठा करने की योजना के तहत प्रत्येक घर, दुकान से नियमित रूप से कूड़ा उठाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों और पार्षदों को परस्पर समन्वय के साथ समय-2 पर जागरूकता शिविरों का आयोजन कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनानेे को भी कहा। इसके अतिरिक्त बैठक में नगर परिषद कार्यालय में सफाई कर्मचारियों और गाड़ियों की संख्या को बढ़ाने के बारे में भी चर्चा की गई। बैठक में खासकर शहर में सीवरेज कनेक्शन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। जहां कहीं समस्या आ रही है उसके हल के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद ज्वाइंट एक्शन समिति बनाकर लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक करे। नगर परिषद उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज ने भी स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर परिषद में चलाई जा रही गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर और सुचारु बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों और टिपरों की संख्या में बढ़ोतरी करने का आह्वान किया। बैठक में कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद विनोद शर्मा, पार्षद अनिल सोनी, अश्वनी कुमार, विधि चंद शर्मा, राजेश चौधरी, वीना धीमान, मनोज कुमार, आशा रानी, रीता शर्मा के अतिरिक्त कनिष्ठ अभियंता अश्वनी कौंडल आदि उपस्थित रहे।