हमीरपुर। गर्मियों के मौसम में वनों को आग से बचाने के लिए वन विभाग ने एनआईटी अणु से लेकर चिल्ड्रन पार्क हीरानगर तक एक जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली को विधायक हमीरपुर नरेंद्र ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एसपी रमन कुमार मीणा, मुख्य वन अरण्यपाल अनिल जोशी, जिला वन अधिकारी प्रीति भंडारी, जिला वन अधिकारी हेडक्वार्टर केके गुप्ता भी मौजूद रहे। जागरूकता रैली में विभाग के कर्मचारियों के अतिरिक्त स्थानीय महिला मंडल और पंचायती राज से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया। डीएफओ प्रीति भंडारी ने कहा कि विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर लोगों को जंगलों की आग से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए पंचायत स्तर पर नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जा रहे हैं।