बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत मैहरे बाजार में सुबह करीब 7:30 बजे एक जूतों की दुकान आग लगने से स्वाह हो गई। स्थानीय लोगों ने दुकान में सामने लगे बोरपंप में जनरेटर लगाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के करीब सवा घंटे बाद हमीरपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तथा आग बुझाने में सहायता की। आग से दुकानदार कुलदीप कतना का लगभग 13 लाख के नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
शनिवार सुबह दुकान के साथ एक अन्य दुकानदार सिद्धुमल अखबार पढ़ रहा था। उसने सामने जूतों की दुकान से धुआं निकलते देखा। इस बात की जानकारी उसने एडवोकेट ओंकार पटियाल को दी। दोनों ने आग लगने के बारे में शोर मचाया तथा दुकान मालिक को इसकी सूचना दी। दुकान मालिकों ने दमकल विभाग और पुलिस व प्रशासन को इसकी सूचना दी। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दुकान का शटर तोड़ा, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। आग की लपटें बाहर निकलने लगी थी। एक अन्य दुकान के पास लगे बोरपंप को जनरेटर से चलाया तथा आग बुझाी। इसी बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई तथा आग बुझाने में मदद की। दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय दुकानदार कुलदीप कतना अपने ससुराल हमीरपुर गया था। पुलिसभी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आग लगने की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, कानूनगो अमरनाथ सौंखला ने प्रशासन की ओर से पीड़ित दुकानदार को दस हजार रुपये की तत्काल सहायता दी है। बड़सर तहसीलदार अजय कुमार सिंह का कहना है कि पीड़ित दुकानदार को प्रशासन की ओर से दस हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। पीड़ित दुकानदार का लगभग 13 लाख का नुकसान होने का आकलन है। उन्होंने पटवारी को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, डीएसपी बड़सर धर्म चंद वर्मा का कहना है कि दुकान में लगी आग की घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है तथा तफ्तीश जारी है।