बिझड़ी (हमीरपुर)। जिले में बुधवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के बीच बिजली गिरने से उपमंडल बड़सर की समताना पंचायत में एक पशुशाला जलकर राख हो गई है। पीड़ित पवन कुमार गांव पन्याली डाकघर समताना ने बताया कि बुधवार देर रात को बारिश के बीच अचानक जोरदार धमाका हुआ। जब तक कुछ समझ आता तब तक घर के पास बनी पशुशाला में आग लग चुकी थी।
हालांकि, परिवार वालों ने जैसे-तैसे पशुशाला में बंधे पशुओं को बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली, लेकिन से दो मंजिला पशुशाला और उसमें रखा घास, लकड़ी तथा अन्य सामान पूरी तरह से जल कर राख हो गया है। पीड़ित व्यक्ति के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा के कारण उसे लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तहसीलदार बिझड़ी प्रेम सिंह भाटिया का कहना है कि समताना पंचायत में बिजली गिरने से पशुशाला जल गई है। पटवारी को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नुकसान का आकलन करके पीड़ित की यथासंभव मदद की जाएगी।