जाहू (हमीरपुर)। हमीरपुर, मंडी और बिलासपुर तीन जिलों के त्रिवेणी कहे जाने वाले जाहू बस स्टैंड पर बसों में सीट न मिलने पर यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर सवारियां इधर से उधर भटकती रही हैं। जाहू बस स्टैंड पर तीन जिलों बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर के लोग बसों में जाने के लिए पहुंचते हैं लेकिन, बसों में सीट न मिलने की वजह अपने छोटे बच्चों के साथ ठंड भरे मौसम में दिन भर जाहू बस स्टैंड पर ठिठुरने के बाद महिलाओं को मजबूरन अपने घरों को लौटना पड़ रहा है। त्योहारी सीजन में सभी सरकारी और प्राइवेट बसें सवारियों से खचाखच भरी हुई होती हैं।
एचआरटीसी की ओर से अतिरिक्त बसें लगाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। एचआरटीसी ने दिवाली के उपलक्ष्य पर अतिरिक्त बसें लगाने की घोषणा की थी लेकिन, जाहू बस स्टैंड से एचआरटीसी की कोई भी बस दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य स्टेशनों के लिए नहीं लगाने पर यात्रियों को काफी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। दिल्ली और चंडीगढ़, अमृतसर जाने वाली एचआरटीसी के बसों की पहले ही बुकिंग के चलते सीटें फुल हो चुकी होती हैं। यात्री राकेश कुमार, सपना कुमार, प्रदीप कुमार, कमलेश कुमार, हंसराज, रमेश कुमार, उमेश चंद, कुलदीप कुमार, ललित मोहन, हेमराज, संतोष कुमार, उमा देवी, लतेश कुमारी ने बताया कि प्रदेश सरकार और एचआरटीसी ने दिवाली के बाद यात्रियों के लिए जाहू से कोई भी अतिरिक्त बस नहीं चलाई है। उधर, एचआरटीसी हमीरपुर के डीडीएम अवतार सिंह का कहना है कि डिवीजन में 165 अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। लेकिन, जाहू से अतिरिक्त बस चलाने की कोई मांग नहीं आई है।