हमीरपुर। बहुप्रतीक्षित राज्यस्तरीय हमीर उत्सव के इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। प्रदेश उच्च न्यायालय ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के खेल मैदान में इस राज्य स्तरीय आयोजन को हरी झंडी दे दी है। इस तीन दिवसीय उत्सव का आगाज 31 अक्तूबर से लेकर 2 नवंबर तक होगा। राज्यस्तरीय इस उत्सव के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आने की संभावना है।
तीन दिवसीय इस उत्सव में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्टार कलाकारों के अलावा प्रदेश के कई लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और दर्शकों का मनोरंजन का मौका मिलेगा। इसके अतिरिक्त दिन के समय कई प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताओं और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का आयोजन भी होगा। बीते वर्ष विधानसभा चुनाव के चलते और शिक्षण संस्थानों में खेलकूद के अलावा अन्य सभी प्रकार की राजनीतिक और अन्य गतिविधियों पर पाबंदी के चलते यह महत्वपूर्ण उत्सव नहीं हो पाया था। बता दें कि शिक्षण संस्थानों और शिक्षा विभाग परिसर में राजनीतिक व अन्य सभी प्रकार के कार्यक्रम पर पाबंदी है। केवल खेलकूद प्रतियोगिताएं और शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यक्रम ही इन संस्थानों में हो सकते हैं। हमीरपुर जिला मुख्यालय में प्रशासन के पास कोई भी मैदान नहीं है, जिसके चलते प्रशासन को हमीर उत्सव करवाने में परेशानी हो रही थी। जिसके चलते प्रशासन ने प्रदेश उच्च न्यायालय से इस कार्यक्रम के लिए विशेष अनुमति मांगी थी। जो अब न्यायालय से मिल गई है। वहीं जिला प्रशासन ने हमीर उत्सव की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर रतन गौतम ने कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय से हमीर उत्सव को लेकर मंजूरी मिल गई है। जिला प्रशासन 31 अक्तूबर और 1-2 नवंबर को तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन करेगा।