बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के बाजार सहित आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों में दर्जनों बिजली उपकरण बिजली गिरने के बाद वोल्टेज बढ़ने से खराब हो गए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों का हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली गिरने से क्षेत्र के दर्जनों घरों के टेलीविजन और फ्रिज खराब हो गए हैं। जबकि ट्यूब लाइटें और बल्ब जलकर टूट गए। टीवी और फ्रिज बिजली गिरने के बाद से ही चालू नहीं हो पा रहे हैं। बड़सर और कसवाड़ में वोल्टेज बढ़ने से अत्यधिक नुकसान हुआ है।
शुक्रवार रात को बारिश के बाद बिजली गिरने से लोगों के बिजली उपकरण खराब हो गए हैं। गनीमत रही कि बिजली की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। क्षेत्र के लोगों में अजीत कुमार, राजेश, रोहित, अमन, हंसराज, कपिल आदि का कहना है कि बारिश के बाद बिजली गिरने के बाद एकदम से बिजली वोल्टेज बढ़ गई। इससे बल्ब और ट्यूब लाइटें फ्यूज हो गईं। जबकि, कई बल्ब और ट्यूब लाइटें फट गईं। इसके बाद जब टीवी और फ्रिज चलाने की कोशिश की तो वह भी नहीं चले। वहीं, वोल्टेज बढ़ने की समस्या के बाद कई घरों की बिजली भी गुल हो गई है, जो शनिवार शाम तक भी बहाल नहीं हो पाई। लोगों ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई के लिए उचित सहायता देने की मांग उठाई है। इस संबंध में एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा का कहना है कि बिजली उपकरण जलने की सूचना नहीं मिली है। इसका पता लगाकर बिजली बोर्ड के अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए जाएंगे।