हमीरपुर। माल रोड हमीरपुर पर बारिश का पानी फेंकने वालों पर नगर परिषद हमीरपुर ने शिकंजा कस दिया है। नगर परिषद ने 14 भवन मालिकों और दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। माल रोड पर बारिश का पानी फेंकने से राहगीरों को परेशानी होती है। वहीं, सड़क की टारिंग भी उखड़ती है। नगर परिषद ने इससे पूर्व बीते माह भी 12 दुकानदारों एवं भवन मालिकों को ऐसे नोटिस जारी किए थे। कुल मिलाकर 26 दुकानदारों और भवन मालिकों को माल रोड पर बारिश का पानी न फेंकने के नोटिस जारी हुए हैं। इसमें कुछ भवन मालिकों एवं दुकानदारों ने बारिश के पानी के लिए डाउन पाइपें लगवा लीं लेकिन, कुछ ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। अब इस समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद कोर्ट का सहारा लेगी। जिन दुकानदारों ने नोटिस के बाद भी बारिश के पानी पर रोक नहीं लगाई है, नगर परिषद अब उन पर कोर्ट केस के माध्यम से जुर्माना डालेगी। इसके लिए नगर परिषद ने ऐसे दुकानदारों को बुधवार को नोटिस जारी कर दिए हैं। इस संबंध में नगर परिषद हमीरपुर के ईओ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि 26 दुकानदारों को बारिश का पानी सड़क पर फेंकने पर नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नोटिस जारी करने के बाद कुछ दुकानदारों ने पाइप लगाकर इस पर रोक लगा ली है। जबकि अभी कुछ ऐसे दुकानदार हैं जिन्होंने इस पर अमल नहीं किया हैं। जिन दुकानदारों ने इसका समाधान नहीं किया है, उन पर कोर्ट केस कर जुर्माना डाला जाएगा।