हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने अपने कैंपस में कक्षाएं शुरू करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यूजीसी से ग्रांट प्राप्त करने के लिए विवि को अपने कैंपस कोर्स शुरू करना अनिवार्य रहता है। जिसके चलते विवि ने हमीरपुर में एमबीए, एमसीए, होटल मैनेजमेंट और टूरिज्म विषय समेत अन्य विभाग शुरू करने के लिए शिक्षण स्टाफ के पदों को भरने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू कर दी। कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से काफी संख्या में अभ्यर्थी हमीरपुर पहुंचे।
तकनीकी विवि के हमीरपुर कैंपस के लिए मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी इन कंप्यूटर साइंस (एमटेक) के दो पद, एमसीए, एमबीए, एमबीए इन टूरिज्म एंड होस्पेटेलिटी, मास्टर साइंस इन इनवायरमेंट साइंस, बीएचएमसीटी के 2-2 पद, मास्टर साइंस इन फिजिक्स के तीन पद, नॉन टीचिंग स्टाफ जिसमें सहायक लाइब्रेरियन, लिपिक और चपरासी समेत पांच पद, सीनियर रिटायर्ड प्रोफेसर, एसोसिएट एवं असिस्टेंट प्रोफेसर के सात पद भरे जाने हैं। विवि में विभिन्न विषयों के पदों को भरने के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। उधर, तकनीकी विवि के कुलपति प्रो एसपी बंसल ने बताया कि विवि हमीरपुर में अपने कैंपस कोर्स चलाने के लिए स्टाफ की नियुक्ति करने जा रहा है। जिसके तहत शुक्रवार को कैंपस इंटरव्यू शुरू हुए हैं।