फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कृष्ण भगवान को गुलाल लगा राष्ट्रीय होली मेला शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
सुजानपुर (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंगलवार को रंगों के त्योहार राष्ट्र स्तरीय सुजानपुर होली उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने प्रसिद्ध मुरली मनोहर मंदिर में माथा टेका और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शोभा यात्रा का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक सुजानपुर होली उत्सव की शुरूआत सुजानपुर के तत्कालीन राजा संसार चंद ने की थी। उन्होंने जनता के साथ रंगों के इस त्योहार को मनाने की परंपरा स्थापित की थी। उन्होंने जिले की संस्कृति एवं रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित करने व लोकप्रिय बनाने के लिए वेबसाइट का शुभारंभ किया।
विज्ञापन

इस वेबसाइट के माध्यम से विभिन्न मेलों तथा उत्सवों की महता तथा हमीरपुर जिले के ऐतिहासिक स्थलों, जिनमें किले व महल शामिल हैं, की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। उपायुक्त हमीरपुर राकेश प्रजापति ने कहा कि वेबसाइट पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने सुजानपुर होली उत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने उत्सव के वर्तमान दर्जे के बारे भी जानकारी हासिल की, क्योंकि पूर्व में इस उत्सव को अंतरराष्ट्रीय उत्सव का दर्जा प्रदान करने की मांग की गई थी। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तथा अन्य उपस्थित गण्यमान्यों को गुलाल लगाकर उत्सव को मनाने की परंपरा का निर्वहन किया।

सीएम ने डाली नाटी-
इस अवसर पर परंपरागत लोक संगीत पर नृत्य में मुख्यमंत्री ने भाग लिया। सिरमौर से आए लोक कलाकारों की प्रस्तुति पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर और विधायक नरेंद्र ठाकुर ने खूब नाटी डाली।
विज्ञापन

सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक नरेंद्र ठाकुर व रवि धीमान, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा तथा विजय अग्निहोत्री, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव उर्मिल ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

इससे पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सुजानपुर लोक निर्माण विश्राम गृह में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। शहर में जिस जगह पर पगड़ी बांधने की परंपरा का निर्वहन किया गया, वहां पर भी विधायक राजेंद्र राणा की संस्था सर्वकल्याणकारी का बड़ा होर्डिंग लगा हुआ था। इसके साथ ही सुजानपुर में विस चुनावों के दौरान लगाए गए पार्टियों के होर्डिंग जस के तस दिखे। जो लोगों के बीच खूब चर्चा का विषय बना। पूर्व सीपीएस उर्मिल ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वह पूर्व में भाजपा को अलविदा कह कर कांग्रेस में चली गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें