हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने उपायुक्त हमीरपुर को एक पत्र भेजकर छह मार्च को होने वाली जिला हमीरपुर की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक को रद्द करने की मांग की है। इस संबंध में संघ ने इस पत्र की प्रतियां मुख्य सचिव, प्रधान सचिव मुख्यमंत्री, प्रधान सचिव स्वास्थ्य आदि को भी भेजी हैं। संघ का कहना है कि उपायुक्त हमीरपुर ने जिला हमीरपुर की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक 6 मार्च 2018 को तय की है।
उन्होंने कहा कि जब तक अधिकृत अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ द्वारा खंड स्तर से प्रदेश स्तर तक नए चुनाव नहीं करवाए जाते तब तक किसी भी प्रकार की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक नहीं की जाए। क्योंकि न ही प्रदेश सरकार ने ऐसी कोई अधिसूचना जारी की है कि सरकार किस महासंघ को सरकारी अधिकारियों से बैठक करने के लिए अधिकृत करती है। संघ के जिला संयोजक सुमन बन्याल ने कहा कि ऐसे चोरी छिपे संयुक्त समन्वय समिति की बैठक करना बिल्कुल अनुचित और अन्याय पूर्ण है। इसके लिए शनिवार को एक बैठक की गई और उपायुक्त हमीरपुर को इस संदर्भ में पत्र भेजा गया। इस मौके पर प्रदीप गौतम, रमेश धीमान, राजकुमार, मीना चंदेल राकेश कुमार, रवि पठानिया, पवन गौतम, दीपक शर्मा, मनोज शर्मा, अनिल कुमार, राकेश कुमार, राकेश पठानिया और जगरूप सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।