अनुराग चुनाव के समय करते हैं रेल की बातें : लखनपाल
हिसाब दें सांसद, जवाब दें सांसद अभियान का आगाज
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में हिसाब दें सांसद, जवाब दें सांसद अभियान का आगाज करते हुए जिला कांग्रेस ने लोस सांसद अनुराग ठाकुर पर चुनाव के समय रोजगार और रेल की बातें करने के आरोप लगाए हैं। वीरवार को हमीरपुर में पत्रकार वार्ता में बड़सर के विधायक एवं पूर्व सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि तीन बार लोस का चुनाव जीतने वाले अनुराग ठाकुर समेत चारों सांसदों में अहं के टकराव के चलते केंद्र सरकार के बजट में प्रदेश की अनदेखी हुई है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में प्रस्तावित एम्स के मामले में भी अनुराग ठाकुर और केंद्रीय मंत्री नड्डा के बीच चल रही लड़ाई लोगों के बीच जगजाहिर हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर और बिलासपुर को रेलवे से जोड़ने की बातें करने वाले अनुराग अभी तक एक पत्थर तक नहीं लगवा पाए। सांसद निधि को भी भाजपा कार्यकर्ताओं में बांटा जा रहा है। वह अब पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद के समय हमीरपुर के लिए स्वीकृत मेडिकल कॉलेज का झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। राजनीतिक द्वेष के चलते सांसद नादौन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा द्वारा स्वीकृत स्पाइस पार्क को शुरू नहीं करवा पाए हैं, जिससे हजारों बेरोजगारों और किसानों को रोजगार मिलना था। विधायक ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार ने अपने डेढ़ माह में कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र में वीरभद्र सरकार में बजट सहित स्वीकृत विकास कार्यों के टेंडर रद्द कर दिए हैं। सरकार को चेताते हुए लखनपाल ने कहा कि अगर जनता के हितों से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया तो प्रदेश में जंजैहली की तरह हालात हो सकते हैं। मोदी सरकार के सौ दिन में महंगाई खत्म करने, हर साल दो करोड़ रोजगार और 15-15 लाख रुपये खाते में जमा करवाने की बातें महज चुनावी जुमले साबित हुए। प्रेम कौशल ने कहा कि चुनाव हारने के बाद धूमल अपने बेटे के राजनीतिक कॅरिअर को बचाने के लिए बूथ बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष का सेना के ऊपर गई की टिप्पणी निंदनीय है, इससे सेना का मनोबल गिरा है। सुरेश कुमार ने कहा कि सांसद को देहरा में खुलने वाले केंद्रीय विवि और सुजानपुर के धौलसिद्ध पावर प्रोजेक्ट पर भी अपनी बात सार्वजनिक करनी चाहिए।
इस मौके पर पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, हिप्र कांग्रेस रिसर्च कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील शर्मा, कांग्रेस एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार, पीसीसी डेलीगेट राजेंद्र जार, जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर, शहरी इकाई अध्यक्ष मनोज शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार, एपीएमसी के पूर्व चेयरमैन प्रेम कौशल, कांग्रेस महामंत्री अजय शर्मा, लीगल सेल के अध्यक्ष नरेश भाटिया, रामचंद्र पठानिया, विवेक कटोच समेत अन्य मौजूद रहे।