बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शनों के लिए जाते श्रद्धालु। संवाद
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा पौणाहारी की पवित्र गुफा में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास ने मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखे। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया गया। शरद पूर्णिमा के चलते सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।
श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर बाबा की पवित्र गुफा के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। दिनभर मंदिर परिसर में चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर न्यास की ओर से दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए।
मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहने से दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुविधा मिली। वहीं, मंदिर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए भंडारों में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कोट
शरद पूर्णिमा के अवसर पर बाबा बालक नाथ के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर दिनभर बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
-राजेश शर्मा, मंदिर अधिकारी, बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शनों के लिए जाते श्रद्धालु। संवाद