बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में कतारों में लगे श्रद्धालु। संवाद
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और दिनभर मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंजता रहा।
दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में लगना पड़ा। सुबह की आरती से लेकर शाम की आरती तक सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालुओं को बारी-बारी से गुफा के दर्शन करवाए। मंदिर में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने दर्शन करने के बाद मंदिर में आयोजित लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास ने बैरियर नंबर दो के पास अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे और सड़क पर जाम की स्थिति न बने।
प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए। देर रात श्रद्धालुओं ने परिसर स्थित कीर्तन हाल में चौकी का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा बालक नाथ के भजन गाकर उनका गुणगान किया।
कोट
10 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। न्यास प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रहा है। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था।
-सुभाष कुमार, कार्यकारी मंदिर अधिकारी दियोटसिद्ध