नगर परिषद हमीरपुर में बिजली के करीब साढ़े 10 घंटे के पावर कट ने शहरवासियों को खूब रुलाया। शुक्रवार को बिजली लाइनों के रखरखाव और मरम्मत का तर्क देकर पावर कट लगाया गया था। बिजली बोर्ड ने एक दिन पहले सूचित भी किया था।
हालांकि, सुबह नौ बजे से सायं पांच बजे तक शहर में बिजली आपूर्ति बाधित रहने की सूचना देकर बिजली बोर्ड साढ़े सात बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारु कर पाया। शहरियों लक्की, सुरेश शर्मा, तपन वर्मा, सुधीर शर्मा, राजेश कुमार, अशोक कुमार और प्रदीप ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तो बिजली बोर्ड ने भीषण गर्मी के बावजूद शहर में पावर कट लगाया।
इसके बाद पावर कट का समय सुबह नौ से सायं पांच बजे बताया लेकिन गांधी चौक के समीपवर्ती इलाकों में साढ़े सात बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। लोगों का कहना है कि शुक्रवार को गर्मी से लोगों को दिन भर खासी परेशानी हुई। फ्रिज, एसी और पंखे आदि नहीं चल पाए। मजबूरन लोगों को यहां-वहां टहल कर दिन गुजारना पड़ा।
सरकारी दफ्तरों में खासी परेशानी
पावर कट के कारण मिनी सचिवालय हमीरपुर में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, जमाबंदी और अन्य सर्टिफिकेट बनाने के लिए आने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हुई। लोगों ने बिजली बोर्ड से गुहार लगाई है कि गर्मियों के दिनों में पावर कट न लगाएं।
बिजली लाइनों की मरम्मत एवं रखरखाव के चलते पावर कट था। लोगों को एक दिन पहले सूचित कर दिया था। सायं पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल भी कर दी। अगर कहीं बिजली आपूर्ति बहाल होने में देरी हुई तो इसकी जांच की जाएगी।
- रविंद्र कुमार आनंद, एसडीओ, बिजली बोर्ड हमीरपुर