हिमाचल प्रदेश के जिला कारागार हमीरपुर में बंदियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में एक विचाराधीन बंदी के आगे के दो दांत टूट गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दूसरे बंदी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को जिला कारागार हमीरपुर के सी ब्लॉक की बैरक नंबर 1 और 2 से झगड़े की आवाजें आ रही थीं। उस समय ड्यूटी पर तैनात वार्डर कपिल देव मौके पर पहुंचे तो विचाराधीन बंदी अमरजीत पुत्र लहौरी राम निवासी आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) और नेकपाल उर्फ कालू पुत्र राम सिंह, निवासी सुजानपुर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) आपस में मारपीट कर रहे थे।
वार्डर ने दोनों बंदियों को अलग किया। इस दौरान अमरजीत के मुंह से खून निकल रहा था। अमरजीत ने आरोप लगाया कि नेकपाल ने उसके साथ मारपीट की और उसके आगे के दो दांत तोड़ दिए। इसके बाद घायल बंदी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी नेकपाल उर्फ कालू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। एसपी बलवीर सिंह ने पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।