चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक और शिक्षण संस्थानों की व्यस्तता को देखते हुए ये फैसला लिया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बोर्ड ने केवल परीक्षा तिथियां ही आगे नहीं बढ़ाई हैं, बल्कि लीट और पैट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे। पीएटी के लिए 4185 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि सत्र 2025-26 में 4000 सीटें उपलब्ध थीं। वहीं लीट परीक्षा के लिए अब तक 1748 आवेदन पहुंचे हैं। पिछले सत्र में लीट की 1983 सीटें थीं। पीएटी की सीटें एआईसीटीई की मंजूरी पर निर्भर करेंगी। शिक्षा निदेशालय से निर्देश मिलने के बाद नई परीक्षा तिथियों की औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी। बोर्ड प्रशासन अब जून के शुरुआती दिनों में परीक्षाएं आयोजित करने पर विचार कर रहा है।
प्रदेश भर में मई में होने वाले नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर तकनीकी शिक्षा बोर्ड लीट और पैट की प्रवेश परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाएगा। इसके लिए निदेशालय को लिखा है। -अशोक पाठक, सचिव, तकनीकी शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला
अंग्रेजी शिक्षकों के सीबीटी में 489 अभ्यर्थी उत्तीर्ण
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने अंग्रेजी के शिक्षकों के 312 पदों (पोस्ट कोड-26002) के लिए कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें 489 अभ्यर्थी पास हुए हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि सफल 489 अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 8 जून से होगी।
इसका विस्तृत शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा। अभ्यर्थियों को ईमेल पर भी सूचना भेजी जाएगी। अभ्यर्थियों को अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड कॉपी और पहचान पत्र साथ लाना होगा।
अंग्रेजी शिक्षक भर्ती के लिए 3,119 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2,414 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से 489 अभ्यर्थी कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल घोषित किए गए हैं।