हिमाचल प्रदेश की दो महिला क्रिकेटर अब वेस्टइंडीज के मैदानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकीं हरलीन देओल और अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज सुषमा वर्मा को वुमन कैरेबियन प्रीमियर लीग यानी डब्ल्यूसीपीएल में खेलने का मौका मिला है।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी है। खास बात यह है कि पहली बार इस विदेशी लीग में खेलते हुए हरलीन और सुषमा टूर्नामेंट के दौरान एक-दूसरे के आमने-सामने भी नजर आ सकती हैं। इससे डब्ल्यूसीपीएल में हिमाचल की मौजूदगी और भी खास हो जाएगी।
बारबाडोस ट्राइडेंट्स से खेलेंगी हरलीन
मौजूदा चैंपियन बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने हिमाचल की 28 वर्षीय ऑलराउंडर हरलीन देओल को अपनी टीम में शामिल किया है। हरलीन बल्लेबाजी के साथ लेग स्पिन गेंदबाजी भी करती हैं। वह भारतीय टीम के लिए वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं।
हरलीन ने दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 115 रन की पारी खेली थी। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय शतक था। इसके अलावा वह वर्ष 2025 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का भी हिस्सा रही हैं।
टूर्नामेंट के बीच में टीम से जुड़ने के बाद हरलीन के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। कैरेबियन परिस्थितियों में खुद को ढालना उनके लिए चुनौती हो सकता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम में सुषमा
हिमाचल की अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज सुषमा वर्मा को ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने अपनी टीम में शामिल किया है। सुषमा लंबे समय से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुकी हैं। विकेट के पीछे उनकी सजगता और बल्लेबाजी का अनुभव टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
सुषमा के डब्ल्यूसीपीएल में शामिल होने से प्रदेश की युवा महिला क्रिकेटरों को भी बड़े मंच पर खेलने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं, हरलीन और सुषमा का एक ही विदेशी लीग में खेलना हिमाचल के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।