हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले में पुलिस थाना पुरुवाला के तहत एक नाबालिग युवती ने आत्महत्या कर ली। नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब से किशोरी की आत्महत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से मृतक किशोरी का मोबाइल फोन और हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी ने मौत से पहले वीडियो बनाया था और सुसाइड नोट में एक नाबालिग युवक को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया है।
मृतक नाबालिग के पिता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर टीम ने मौके का निरीक्षण किया और मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। इस दौरान बरामद मोबाइल फोन, वीडियो और हस्तलिखित नोट को जांच के लिए कब्जे में लिया गया। पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर थाना पुरुवाला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और सुसाइड नोट की गहनता से जांच कर रही है।