डीसी-एसपी सम्मेलन के दूसरे दिन के कार्यक्रम की अध्यक्षता करते मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्ख
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हिमाचल सरकार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और नशे पर रोक के लिए आईजी स्तर के नेतृत्व में एक विंग बनाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सरकार की प्राथमिकता है। अमर उजाला ने शुक्रवार को ‘’हिमाचल की नई पौध को खोखला कर रहा नशा... कई स्कूली बच्चे भी ले रहे ड्रग्स’’ शीर्षक से इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
सचिवालय में उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के सम्मेलन में सीएम ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में बढ़ती नशे की लत को दूर करना होगा। बाहर से आने वाले नशीले पदार्थों को रोकने के लिए पड़ोसी राज्यों से लगती सीमाओं पर कड़ी निगरानी की जरूरत है। प्रदेश के युवाओं को नशे से किसी भी कीमत पर छुटकारा दिलाना सरकार और प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर, शिमला और सोलन जिलों के अधिकारियों के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने सभी डीसी और एसपी को जिलों में सुशासन पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए।