चंबा में मणिमहेश यात्रा से लौटे श्रद्धालु से बात करते सीएम।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आपदा से प्रभावित हर परिवार के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार विशेष राहत पैकेज देगी। सुक्खू ने शनिवार को जिला चंबा के भरमौर, मणिमहेश और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ कांगड़ा जिले में पौंग बांध से छोड़े गए पानी के कारण बाढ़ प्रभावित फतेहपुर और इंदौरा के मंड क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया।
मुख्यमंत्री पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन से भरमौर के लिए रवाना हुए, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलिकाप्टर वहां उतर नहीं सका। सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से समय पर उठाए गए एहतियाती कदमों के कारण जनजीवन की हानि वर्ष 2023 की तुलना में कम हुई है, लेकिन इस बार विनाश का पैमाना कहीं अधिक है। सड़क, बिजली, पानी आपूर्ति और संचार सेवाएं 2023 की तुलना में अधिक प्रभावित हुई हैं। राज्य सरकार के समक्ष लोगों के पुनर्वास की भी एक बड़ी चुनौती है, जिसे प्रदेशवासियों के सहयोग से पार किया जाएगा।