शटर पीटने के बाद ईंट उठाकर जान से मारने की कोशिश करने का लगाया आरोप
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी, चल रही मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार/चंबा। खज्जियार में शराब की बोतल देने में कुछ देर होने पर दो युवकों के सेल्समैन से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने पहले शराब ठेके का शटर लातों से पीटा और सेल्समैन को गालियां दीं।
शटर खुलने पर एक युवक ने सेल्समैन के मुंह पर मुक्का जड़ दिया। इसके बाद दूसरे सेल्समैन ने घटना की वीडियो बनानी शुरू कर दी। आरोप है कि पुलिस को बुलाने की बात कहने पर एक युवक ने ईंट उठाकर जान से मारने का प्रयास किया लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया।
घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार बैंसका निवासी छोटू राम और धड़ोग निवासी अभिषेक अंग्रेजी शराब की बोतल लेने खज्जियार स्थित ठेके पर पहुंचे थे। उस समय ठेके का शटर बंद था और सेल्समैन अंदर खाना खा रहे थे। युवकों के आवाज लगाने पर सेल्समैन ने उन्हें करीब 10 मिनट इंतजार करने को कहा। इससे दोनों युवक भड़क गए और शटर पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस चौकी सुल्तानपुर ले गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।