भरमौर (चंबा)। भरमौर उपमंडल की दुर्गेठी ग्राम पंचायत के हा गांव में एक 35 वर्षीय युवक की घर से 150 मीटर दूरी पर खाई में गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान रविंद्र कुमार पुत्र महंदो राम के रूप में हुई है। खाई में गिरे युवक को देखकर पुलिस को सूचित किया गया। जानकारी के मुताबिक सोमवार रात के समय रविंद्र कुमार घर से कुछ दूरी पर बने अपने शौचालय में शौच करने के लिए गया था। अचानक उसका पांव फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। आखिरकार सुबह फिर से परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान रविंद्र कुमार शौचालय के साथ लगती खाई मेंं पड़ा मिला। इसके बारे में पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की निगरानी में शव को खाई से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है।