साहो में 10 किलोमीटर रन फॉर नेचर मिनी मैराथन, 30 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
अमित ने जीती दौड़, विक्की दूसरे और वीरेंद्र रहे तीसरे स्थान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेल एवं प्रकृति संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से पर्यावरण चेतना एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र साहो की ओर से 10 किलोमीटर मिनी मैराथन रन फॉर नेचर का आयोजन किया गया। साहो पंचायत प्रधान ओम प्रकाश ने बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
दौड़ का मार्ग साहो बस स्टैंड से कुड़था होते हुए वापस साहो तक निर्धारित किया गया था। इसमें चंबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 30 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। तीसा, चुराह, बरौर, पल्यूर सहित साहो क्षेत्र के प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्ति और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में चमला निवासी अमित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। चिल्ली निवासी विक्की दूसरे और द्रोबड़ निवासी वीरेंद्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे। प्रथम विजेता को 9,100, द्वितीय को 7,100 और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। तीन अक्तूबर को पर्यावरण चेतना केंद्र साहो में आयोजित वन्य प्राणी सप्ताह समारोह में उपायुक्त चंबा विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम में केंद्र के संस्थापक रतन चंद शर्मा, पंचायत प्रधान ओम प्रकाश, उपप्रधान अभि शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल, स्वास्थ्य और प्रकृति से जोड़ना आयोजन का उद्देश्य है। केंद्र भविष्य में बच्चों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास करेगा।