घटना स्थल से कुछ दूर मिला शव, नहाते समय पैर फिसलने से बह गया अमित
पॉलिटेक्निक काॅलेज में था सफाई कर्मी, छुट्टी के चलते नदी में गया था नहाने
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के समीप बालू में रावी नदी में बहने से एक युवक की मौत हो गई है। नदी में नहाते समय युवक का पैर फिसल गया और वह रावी की तेज धारा में बह गया।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल से कुछ आगे जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप अमित का शव बरामद कर लिया है।
मृतक युवक की पहचान अमित कुमार पुत्र दलीप कुमार निवासी मोहल्ला पक्काटाला, तहसील चंबा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह पॉलिटेक्निक काॅलेज में सफाई कर्मी था। पुलिस ने मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अमित रविवार की छुट्टी के चलते घर से निकला था। वह रावी नदी में नहाने के लिए उतरा गया। अचानक पैर फिसलने के कारण नदी के तेज बहाव में बह गया। उसे नदी में बहता देखकर मौके पर काफी संख्या में लोग पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना पाते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रावी में बहे अमित की तलाश शुरू कर दी। टीम ने घटनास्थल से कुछ आगे जवाहर नवोदय विद्यालय के पास उसका शव बरामद कर लिया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है।