प्रदर्शन करते युवा कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद
चंबा। भारतीय युवा कांग्रेस ने मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति के समक्ष केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान युकां के पदाधिकारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा।
इस मौके पर चुराह विधानसभा के नेता यशवंत सिंह खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का नारा देती है। यह योजना देश में बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा एवं सशक्तीकरण के उद्देश्य से प्रारंभ की गई थी। अब भाजपा केंद्र सरकार ने इस योजना को केवल प्रचार तक सीमित कर दिया गया है।
जमीनी स्तर पर न तो पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है और न ही प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इससे बालिकाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं जीवनयापन का प्रमुख साधन है। सरकार द्वारा मनरेगा के बजट में कटौती, समय पर मजदूरी का भुगतान न होना और काम के दिनों में कमी करना गरीब एवं मजदूर वर्ग के साथ सीधा अन्याय है। इससे बेरोजगारी, गरीबी एवं पलायन की समस्या और अधिक गंभीर हो रही है।
भारतीय युवा कांग्रेस मांग करती हैं कि-बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के लिए पर्याप्त बजट आवंटन किया जाए। मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार, समय पर मजदूरी भुगतान एवं पर्याप्त कार्य सुनिश्चित किया जाए।