तीसा (चंबा)। चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 819 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राकेश (33) निवासी गांव बाड़ा डाकघर जुंगरा तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई है। टीम ने चनवास-तीसा मार्ग पर गश्त के दौरान शक के आधार पर युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग से चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब 12 बजे एसटीएफ की टीम चनवास से तीसा की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान चनवास-तीसा मार्ग पर एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर टीम ने उसे जांच के लिए रोका। उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 819 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद टीम ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह चरस कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने की तैयारी में था। मामले में नशे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे का अवैध धंधा करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।