जनजातीय घाटी पांगी में बीडीसी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की ताजपोशी हो गई है। हालांकि भाजपा को उम्मीद से एक वोट कम ही मिला लेकिन जिन बीडीसी सदस्यों को भाजपा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए चयनित किया था वे दोनों कांग्रेस के उम्मीदवारों को एक-एक वोट से पटखनी देने में कामयाब रहे।
भाजपा को दोनों सीटों पर आठ-आठ जबकि कांग्रेस को सात-सात वोट पड़े। भाजपा ने पांगी में नौ बीडीसी सीटें जीतने का दावा किया था। भाजपा ने छात्र नेता रहे योगराज शर्मा को अध्यक्ष पद का दावेदार घोषित किया था। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के महेंद्र राणा को एक वोट से पराजित कर दिया। एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में सभी 15 सदस्य मौजूद थे।
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने विमला देवी को उम्मीदवार बनाया था जबकि कांग्रेस ने वीर सिंह राणा को उम्मीदवार घोषित किया था। भाजपा की विमला देवी के पक्ष में आठ जबकि वीर सिंह राणा को सात वोट पड़े। भाजपा के खाते से एक वोट कांग्रेस को मिला है। घाटी में बीडीसी के दोनों महत्वपूर्ण पद जीतने के बाद भाजपा नेताओं ने किलाड़ में विजय रैली का आयोजन किया। इस मौके पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगराज शर्मा ने बताया कि पांगी घाटी को विकास के पथ पर आगे ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार जनजातीय इलाकों के विकास के लिए योजनाएं बना रही है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने द्रमण-चंबा-पांगी नेशनल हाईवे की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस हाईवे के बनने से पांगी के विकास को गति मिलेगी।
दोनों पदों के लिए मतदान हुआ : एसडीएम
एसडीएम कर्म सिंह चौधरी ने बताया कि पांगी में बीडीसी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें सभी सदस्य उपस्थित हुए। बैठक में दोनों पदों के लिए मतदान हुआ और इसमें योगराज व विमला देवी को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुन लिया गया है। बैठक के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे लेकिन किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।