चंबा। स्कूल प्रबंधन समिति ने राजकीय उच्च विद्यालय बिहाली का दर्जा न घटाने की मांग की है। इसको लेकर समिति ने स्कूल परिसर में बैठक भी की। इस दौरान स्कूल का दर्जा घटाने को लेकर जारी की गई अधिसूचना के बारे में अभिभावकों से विचार-विमर्श किया गया। समिति के अध्यक्ष नंदलाल ने बताया कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने स्कूलों का दर्जा घटाने संबंधी अधिसूचना जारी की थी। इसमें राजकीय उच्च विद्यालय बिहाली भी शामिल है।
इस स्कूल में नवमी और दसवीं कक्षा में 31 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जबकि अन्य विद्यार्थी भी अपनी एडमिशन करवाने के लिए संपर्क कर रहे थे। ऐसे में स्कूल का दर्जा घटाने से बच्चों को लगभग आठ किलोमीटर सफर करके सेईकोठी और थनेई स्कूल में जाना पड़ेगा। इस दौरान बच्चों को जंगल और नालों के खतरनाक रास्ते से होकर आवाजाही करनी होगी। कहा कि सरकार के मापदंडों के अनुसार 25 और 25 विद्यार्थियों की संख्या से अधिक वाले स्कूलों का दर्जा नहीं घटाया जाएगा। बिहाली स्कूल इन मापदंडों को पूरा करने में सक्षम है। ऐसे में उसका दर्जा घटाना करना गलत है। इसके लिए उन्होंने सरकार से मांग की है कि स्कूल का दर्जा न घटाया जाए। इसको लेकर एक मांग पत्र नागरिक उपमंडल अधिकारी चुराह के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।