बीते 10 मई को तुन्नूहट्टी-ककीरा मार्ग पर सीमेंट से लदा ट्रक हो गया था दुर्घटनाग्रस्त
लोग बोले- मलबा नहीं हटाया तो किसी भी समय बन सकता है बड़े हादसे का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक का मलबा हादसे को न्योता दे रहा है। तुन्नूहट्टी-ककीरा मार्ग से सीमेंट से लदा ट्रक लुढ़ककर हाईवे पर आ गिरा था।
दो सप्ताह बाद भी ट्रक का मलबा नहीं हटाया जा सका है। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मलबा नहीं हटाया गया तो यह किसी भी समय किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों राकेश कुमार, परमजीत सिंह, नागेश कुमार, मोहन लाल और हंसराज ने बताया कि दुर्घटना के दौरान ट्रक सड़क से नीचे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा गिरा था जिससे सीमेंट, पत्थर और ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से सड़क के दोनों ओर फैल गए थे। वर्तमान में हालात ऐसे हैं कि दुर्घटनास्थल पर बड़ी मुश्किल से एक समय में केवल एक ही वाहन निकल पाता है। यदि दोनों ओर से वाहन आ जाएं तो चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है और बेहद सावधानी के साथ वाहन निकालने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों गर्मियों के चलते क्षेत्र में पर्यटक सीजन अपने चरम पर है। डलहौजी, खज्जियार और चंबा आने-जाने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहन प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजर रहे हैं। ऐसे में सड़क के दोनों ओर पड़ा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का मलबा लगातार दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहा है। लोगों ने एनएच प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि दुर्घटनास्थल पर पड़े मलबे को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए।
उधर, उपमंडल अधिकारी भटियात मनीष कुमार सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के मलबे को शीघ्र हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं।