चंबा। पन विद्युत परियोजना कुठेड़ में निर्माण कार्य के दौरान एक कामगार की मौत हो गई। मृतक की पहचान रशपाल पुत्र दारा सिंह निवासी गांव गैहरी मंडी जिला अमृतसर के रूप में हुई है। रशपाल बुधवार को गरोला से आगे परियोजना की एडिट-चार के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। सुरंग में कंकरीट कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीन की बंधी हुई लोहे की चेन अचानक टूट कर उनके सिर से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में कंपनी की एंबुलेंस के जरिये उन्हें उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही भरमौर थाना की टीम भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही घटनास्थल में जाकर पुलिस ने मुआयना भी किया। घटना के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। इस घटना में किसकी लापरवाही रही। इन सभी पहलुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।