सचे जोत की बहाली का कार्य शुरू में जुटी मशीनरी।
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले वाया सचे जोत मार्ग को बहाल करने का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग ने प्रेग्रां में पूजा-अर्चना करने के बाद सचे जोत से बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया। इस बार सचे जोत को वाहनों की आवाजाही के लिए मई के अंत तक बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बार सर्दी के मौसम में पांगी घाटी में रिकॉर्डतोड़ बर्फबारी हुई है। इसके चलते सचे जोत की बहाली का कार्य भी थोड़ा देरी से शुरू हुआ है। फिलहाल, लोक निर्माण विभाग ने सचे जोत को बहाल करने के लिए दो डोजर और दो पोकलेन मशीनें लगा दी हैं। इसके अलावा दो कैंपर भी वहां तैनात की गई हैं। इनके जरिये मजदूरों को लाने और छोड़ने का कार्य किया जाएगा।
मौजूदा समय में पांगी वासी 500 किलोमीटर का सफर तय करके वाया जेएंडके होकर चंबा के लिए आवाजाही कर रहे हैं जबकि वाया सचे जोत मार्ग बहाल होने पर लोगों को मात्र 172 किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि सचे जोत की बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। मौसम ने साथ दिया तो मई के अंत तक यह मार्ग यातायात के लिए बहाल करवा दिया जाएगा।