चंबा। शहर में पुरानी पेयजल लाइनें बदलने का कार्य लंबे अरसे लटका है। जलशक्ति विभाग के पास पाइप नहीं हैं। नतीजतन, शहर के विभिन्न वार्डों के मोहल्लों में बदली जाने वाली पेयजल लाइनों को बदलने का शहरवासियों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। जानकारी के मुताबिक तीन माह पहले विभाग ने पाइप लाइन बिछाने का छह करोड़ का टेंडर किया है। इसमें शहर के 11 वार्डों में पुराने पाइप बदलकर नए पाइप बिछाए जाने हैं लेकिन, तीन माह बीतने के बावजूद विभाग के पास पाइप नहीं पहुंच पाए हैं। ऐसे में वर्तमान समय में खस्ताहाल पाइपों की वजह से पानी लीक हो रहा है। इससे पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
टेंडर को इतना वक्त गुजरने के बाद भी विभाग पाइपों का प्रावधान नहीं कर पाया है। इसका खामियाजा शहर के लोग भुगत रहे हैं। कई जगह से पाइप गल-सड़ चुके हैं। इससे पेयजल दूषित हो रहा है। जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीपक भारद्वाज का कहना है कि विभाग के पास अभी तक पाइप नहीं पहुंचे हैं। कहा कि जैसे ही पाइप पहुंचेंगे, उसके बाद तुरंत कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।