सर्वे से आगे नहीं बढ़ा साइंस लैब के तीन मंजिला भवन का काम
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेई में बननी है तीन मंजिला साइंस लैब
लोक निर्माण विभाग ने पिछले वर्ष किया सर्वे, 1 करोड़ 60 लाख का बना एस्टीमेट
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेई में साइंस लैब बनना सर्वे तक ही सिमट कर रह गया है। लोक निर्माण विभाग ने साइंस लैब बनाने के लिए दो बार सर्वे किए हैं।
इसमें एक करोड़ साठ लाख रुपये का प्रस्ताव बनाया गया है, लेकिन लैब का निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा विद्यालय में शिक्षारत साइंस संकाय के 100 विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है।
भलेई विद्यालय में तीन मंजिला साइंस लैब प्रस्तावित है। पिछले दो साल से सर्वे से आगे साइंस लैब का कार्य नहीं बढ़ा है। ऐसे में विद्यार्थियों को कमरों में ही साइंस विषय की कक्षाएं लगाने सहित विभिन्न प्रकार के प्रैक्टिकल करने पड़ रहे हैं। प्रवक्ताओं को विज्ञान लैब के अभाव में कक्षा कक्ष में ही बच्चों को पढ़ाना और विभिन्न प्रकार के प्रैक्टिकल करवाने पड़ रहे हैं। अभिभावकों सुशीला देवी, सुदेश कुमारी, नीलम देवी, संजय कुमार, मनीष कुमार, सुरेश ठाकुर और हंस राज का कहना है कि स्कूल में साइंस लैब के अभाव में विद्यार्थी संपूर्ण ज्ञान से अछूते रह रहे हैं। बताया कि स्कूल में साइंस लैब बनाने को लेकर सर्वे से आगे कोई कार्य नहीं हो पाया है। अभिभावकों ने मांग उठाई है कि जल्द साइंस लैब का निर्माण शुरू किया जाए।
उधर, प्रधानाचार्य गुरुवचन ने कहा कि भलेई स्कूल में तीन मंजिला साइंस लैब बनाने का प्रावधान है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने दो बार सर्वे किया है। एस्टीमेट बनाकर उच्चाधिकारी को स्वीकृति के लिए भेजा है।