डलहौजी (चंबा)। डलहौजी से बनीखेत तक प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क का निर्माण कार्य सोमवार को शुरू हो गया। इस सड़क के बनने से बनीखेत बाजार में लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अर्शुल मक्कड़ ने बताया कि यह वैकल्पिक सड़क डलहौजी के कथलग गांव से शुरू होकर बनीखेत से आगे पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए से जुड़ेगी। इसके निर्माण के बाद पठानकोट तथा अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को बनीखेत बाजार से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को कथलग गांव से सड़क की कटिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना पर लगभग 45 लाख रुपये की लागत आएगी और सड़क की कुल लंबाई करीब चार किलोमीटर होगी। स्थानीय लोगों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। संवाद