चुराह (चंबा)। चांजू की देहरा पंचायत में ग्रामीणों ने पांचवें दिन भी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य नहीं चलने दिया। ग्रामीण इसी बात पर अड़े हैं कि कंपनी अपने वादे को पूरा करे और स्थानीय लोगों को रोजगार दे।
अन्यथा, किसी भी शर्त पर निर्माण कार्य को नहीं चलने दिया जाएगा। इससे पहले भी जब ग्रामीणों ने काम बंद करवाया था तो कंपनी ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर कार्य शुरू करवाया था। साथ ही 40 लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। कंपनी अब उस वादे को पूरा करने से आनाकानी कर रही है। इसके चलते ग्रामीण भी आर पार की लड़ाई लड़ने के लिए सजग हो गए हैं।
देहरा पंचायत के प्रधान चैन लाल ने बताया कि हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के निर्माण से पंचायत के कई परिवार प्रभावित हुए हैं। लोगों की उपजाऊ भूमि को भी इससे काफी नुकसान पहुंचा है। बावजूद इसके यदि कंपनी स्थानीय लोगों को रोजगार भी नहीं देगी तो निर्माण कार्य नहीं चलने दिया जाएगा। इसको लेकर सभी ग्रामीणों ने एकमत होकर फैसला लिया है। ऐसे में कंपनी चाहकर भी प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य नहीं शुरू कर सकती। कार्य शुरू करने से पहले कंपनी को हर हाल में ग्रामीणों के साथ किये गए वादे को पूरा करना होगा।