सलूणी/चंबा। सलूणी उपमंडल में मवेशी चरा रही महिला पर डंडे से हमला कर उसका सिर फोड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एक परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता किनो बेगम पत्नी मुश्ताक गांव ढुट्टा डियुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मवेशी चरा रही थी। जब वह खंडरा स्थित सरकारी भूमि पर पहुंची तो गांव के जमालदीन, उसकी पत्नी दिया और बेटे फारूक ने उसका रास्ता रोक लिया और मवेशियों को भगाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़िता ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और उनके बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। जांच जारी है।