चंबा। भरमौर विधानसभा क्षेत्र की रूणूकोठी पंचायत में पहाड़ी पर घास काटते समय पांव फिसलने से बुधवार को एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह पंजो देवी (48) पत्नी रोशन लाल निवासी निवासी गांव भटाड़ा, डाकघर रूणूकोठी मवेशियों के लिए चारा इकट्ठा कर रही थी। अचानक उसका पांव फिसल गया और वह खाई में गिर गई। हादसे के समय महिला के पति और बेटा भी पास में थे, वे उसे बचाने के लिए खाई में उतरे और बेसुध अवस्था में महिला को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमार्टम करवाया। उसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि परिजनों के मुताबिक महिला की मौत खाई में गिरने के कारण हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का भी मुआयना किया है। मामले की जांच की जा रही है।