दो वर्षों के भीतर लोगों को एक छत तले मिलेंगे सभी विभाग
35 करोड़ से पुलिस मैदान में निर्मित होगा मिनी सचिवालय
नौ मंजिला भवन में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारी रहेंगे मौजूद
लोक निर्माण विभाग ने टेंडर आमंत्रित कर ठेकेदार को कार्य सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला मुख्यालय में दो वर्षों के भीतर लोगों को एक छत के तले ही विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मिलेंगे। 35 करोड़ रुपये से इस बहुमंजिला भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। सरकार को भेजे गए मिनी सचिवालय भवन के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने और बजट उपलब्ध होने पर लोक निर्माण विभाग ने मिनी सचिवालय भवन के निर्माण कार्य संबंधी कार्य का टेंडर आमंत्रित कर ठेकेदार को सौंपा है। इसके तहत जमीन को समतल करने समेत आवश्यकता अनुसार डंगे लगाए जाने का कार्य शुरू हो चुका है। आगामी दो सालों के भीतर ठेकेदार भवन तैयार करवाकर विभाग के सुपुर्द कर देगा।
जिला मुख्यालय चंबा में कई विभाग वर्तमान समय में भी किराये के भवनों में चल रहे हैं। जानकारी न होने पर अक्सर अपने कार्य करवाने के लिए पहुंचने वाले लोगों को दर-दर भटकना पड़ता है। साथ ही लोग लंबे समय से मिनी सचिवालय के भवन का निर्माण करवाने को लेकर आवाज बुलंद करते आ रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस के सत्तासीन होने पर सदर विधायक नीरज नैयर ने मुख्यमंत्री के समक्ष मिनी सचिवालय बनाने की मांग उठाई, जिसे मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद विभागीय स्तर पर भेजे गए प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद अब मिनी सचिवालय के भवन निर्माण का कार्य आरंभ हुआ है।
नौ मंजिला भवन में किसी अधिकारी या कार्यालय में काम करवाने के लिए पहुंचने वाले लोग लिफ्ट से आ-जा सकेंगे। भवन में लगने वाली लिफ्ट लोगों को बड़ी सहूलियत प्रदान करेगी।
भवन में ये होंगे दफ्तर
पुलिस मैदान बारगाह के साथ बनने वाले नौ मंजिला भवन में डीडीएमए, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, एनआईसी, राजस्व रिकवरी, चुनाव तहसीलदार, परिवहन विभाग, लोकमित्र केंद्र, आधार केंद्र, हिम सेवा कार्यालय, लाइसेंस ब्रांच, इलेक्शन कानूनगो, पटवारी रिलीफ, एडीसी कार्यालय, बैठक हॉल, स्टाफ रूम, एसी-टू-डीसी रूम, डीसी कार्यालय, पीएम रूम, वेटिंग रूम समेत अन्य कार्यालय भी स्थापित होंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि 35 करोड़ रुपये की राशि से मिनी सचिवालय भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। भवन के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को लेकर ठेकेदार को निर्देश जारी किए गए हैं। आगामी दो वर्षों में भवन निर्माण करवाकर विभाग को सौंपने के निर्देश हैं।