चंबा मिंजर मेले में खरीदारी करने के लिए उमड़ी लाेगो की भीड़।संवाद
चंबा। मिंजर मेले की अस्थायी मार्केट की समय अवधि बढ़ने से स्थानीय कारोबारी काफी नाराज हैं, क्योंकि मिंजर मेला शुरू होने से लेकर अब तक व्यापारी प्रशासन से यही मांग कर रहे थे कि अस्थायी मार्केट को आगे बढ़ाने की अनुमति न दी जाए।
बावजूद इसके जिला प्रशासन ने उच्च न्यायालय से चौगान में अस्थायी मार्केट को आगे बढ़ाने के लिए तीन दिन की अतिरिक्त अनुमति ले ली है। इससे बाहरी व्यापारियों को भले ही फायदा होगा, लेकिन स्थानीय व्यापारियों का इस फैसले से धंधा चौपट हो जाएगा। व्यापार मंडल के प्रधान वीरेंद्र महाजन ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष से लेकर जिला प्रशासन और सदर विधायक से स्थानीय व्यापारी यह मांग कर चुके हैं कि मिंजर की अस्थायी मार्केट को आगे न बढ़ाया जाए। बावजूद इसके प्रशासन ने उनकी फरियाद को दरकिनार किया है। इसको लेकर सभी व्यापारियों में प्रशासन और राजनीतिक दल के नेताओं के प्रति गहरा रोष है। उन्होंने कहा कि आखिरकार क्यों बाहरी व्यापारियों को यह लाभ पहुंचाया गया है। यह सोचने की बात है। क्योंकि इससे पहले भी मिंजर मेला आयोजित होता था। उस दौरान यही होता था कि जब तक चौगान में दुकानें लगाने की अनुमति होती थी। उसके बाद दुकानों को हटा दिया जाता था। 15 अगस्त को चौगान में कार्यक्रम होगा, लेकिन 13 तारीख तक चौगान में व्यापारिक गतिविधि रहेगी। इससे चौगान को खाली करवाना प्रशासन के लिए काफी मुश्किल होगा।