समराला में चोट ने बदला लुठणू दंगल का समीकरण
27 सितंबर को अखाड़े में होगा नया महामुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। लुठणू दंगल का बहुप्रतीक्षित मुख्य मुकाबला अब नए अंदाज में होगा। 27 सितंबर को ग्राम पंचायत देवीदेहरा के गांव लुठणू में होने वाले दंगल में अंतरराष्ट्रीय पहलवान मिर्जा ईरान चोटिल होने के कारण अखाड़े में नहीं उतर पाएंगे।
उनके स्थान पर दंगल कमेटी ने नए पहलवान को मैदान में उतारने का फैसला किया है। अब उमेश मथुरा और नए पहलवान के बीच मुख्य मुकाबला होगा।
दंगल कमेटी के अध्यक्ष पंकज कश्यप ने बताया कि मिर्जा ईरान हाल ही में लुधियाना के समराला में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में शेरा गुर्जर के साथ मुकाबले के दौरान घायल हो गए थे। चोट के बाद उनका उपचार चल रहा है और चिकित्सकीय स्थिति के चलते वह लुठणू दंगल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
मिर्जा ईरान के बाहर होने की जानकारी के बाद आयोजकों ने मुख्य मुकाबले को लेकर नया निर्णय लिया। कुश्ती प्रेमियों की उत्सुकता और दंगल के रोमांच को बरकरार रखने के लिए उनके स्थान पर नए पहलवान को आमंत्रित किया गया है। अब उमेश मथुरा और नए पहलवान की भिड़ंत दंगल का मुख्य आकर्षण रहेगी।
लुठणू दंगल को लेकर क्षेत्र में पहले से ही उत्साह है। मुख्य मुकाबले में बदलाव के बावजूद आयोजकों ने मुकाबले को रोचक बनाने की पूरी तैयारी की है। अखाड़े में उमेश मथुरा के सामने उतरने वाले नए पहलवान की पहचान और मुकाबले को लेकर कुश्ती प्रेमियों में खास उत्सुकता बनी हुई है।