भरमौर से पौने दो बजे चलने वाली एचआरटीसी की बस साढ़े तीन बजे हुई रवाना
निजी बस और टैक्सी के सहारे तय करना पड़ा 20 से 25 यात्रियों को अपना सफर
जिले में रोजाना किसी न किसी रूट पर खराब हो रही सरकारी बस, लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। जिस बस में बैठकर यात्रियों ने भरमौर से चंबा का सफर तय करना था, उसी को धक्का मारकर सड़क के किनारे खड़ा करना पड़ा।
शनिवार दोपहर पौने दो बजे भरमौर से चंबा जाने वाली बस को जब चालक ने स्टार्ट किया तो बस के इंजन ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद चालक ने सवारियों को बस को धक्का लगाने के लिए कहा ताकि बस को स्टार्ट किया जा सके। धक्का मारने के बावजूद भी यह स्टार्ट नहीं हुई। इसके बाद यात्रियों की मदद से चालक ने बस को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। 20 से 25 यात्रियों को निजी बस और टैक्सी के जरिये अपना सफर करना पड़ा। चालक परिचालक ने बस को ठीक करवाने के लिए मेकेनिक को बुलाया। शाम साढ़े तीन बजे बस ठीक हुई तब जाकर बस रूट पर रवाना हुई, तब तक सवारियां दूसरे वाहनों के जरिये निकल चुकी थीं।
यात्रियों में सूरत कुमार, चमन सिंह, केवल जरयाल, सोभिया राम, शंभू प्रकाश, तिलक राज और नरेश कुमार ने बताया कि जनजातीय क्षेत्र भरमौर के रूटों पर परिवहन निगम खटारा बसों को चला रहा है। आए दिन किसी न किसी रूट पर बस खराब हो जाती है। इस कारण लोगों का सरकारी बस सेवा से भरोसा उठता जा रहा है। न तो सरकार इसे सुधारने में दिलचस्पी दिखा रही है और न ही प्रशासन इसमें खासा गंभीर दिख रहा है। यही वजह है कि रोजाना किसी न किसी रूट सरकारी बस हांफ रही है। आकांक्षी जिले को सरकार नई बसें नहीं भेज रही है। बसों में सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण रूट पर नहीं जा सकी जिसे बाद में ठीक करके भरमौर से चंबा भेज दिया गया।