भरमौर-पठानकोट हाईवे पर अब वाहनों के पहिये नहीं थमेंगे। केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्रबंधन को हाईवे पर चार पुलों के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। कलसुई, करियां, धरवाला और कमनाला में डबल लेन पुलों का निर्माण होने से भूस्खलनग्रस्त क्षेत्रों में भी हाईवे बंद रहने की चिंता नहीं सताएगी। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर अब सफर और भी सुगम होगा। अक्सर बरसात और भारी बारिश के दिनों में हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन होने से वाहनों की रफ्तार थम जाती है। इससे मुसाफिरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बार-बार हाईवे बाधित होने से लोगों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए अब एनएच मंडल चंबा ने इस समस्या का समाधान करने की योजना बनाई है। हाईवे प्रबंधन की ओर से धरवाला, कलसुई, करियां और कमनाला में डबल लेन पुलों का निर्माण करवाने को लेकर प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। प्रबंधन ने धरवाला और कमनाला में 17 करोड़ के टेंडर आमंत्रित किए हैं जबकि करियां और कलसुई में बनने वाले डबल लेन पुलों के निर्माण को लेकर भी टेंडर जल्द आमंत्रित किए जाएंगे।
डबल लेन पुलों से यह होगी सुविधा
डबल लेन पुल का निर्माण होने से सबसे बड़ी सहूलियत हाईवे 24 घंटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल रहेगा। इसके अलावा डबल लेन पुल के किनारों पर फुटपाथ बनेंगे जिससे यहां से होकर लोग पैदल आवाजाही भी कर सकेंगे।
भरमौर-पठानकोट हाईवे पर चार डबल लेन पुलों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। दो पुलों के टेंडर हो चुके हैं जबकि दो के टेंडर जल्द होंगे। पुलों का निर्माण भूस्खलनग्रस्त क्षेत्रों में हाईवे को 24 घंटे बहाल रखने के उद्देश्य को ध्यान में रखकर करवाया जा रहा है। -संजीव महाजन, अधिशासी अभियंता, एनएच मंडल चंबा