चंबा-तीसा मार्ग पर रखालू माता मंदिर के पास भूसख्लन से बंद पड़ा मार्ग और परेशान खड़े लोग।संवाद
तीसा (चंबा)। चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कल्हेल स्थित रखालू माता मंदिर के पास पहाड़ दरकने से दो घंटे तक वाहनों के पहिये थमे रहे। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद पड़ जाने से चंबा और तीसा की ओर से बैरागढ़, सनवाल, चांजू, चरड़ा, भराड़ा, बौंदेड़ी, भंजराडू से निजी और सरकारी बसों समेत दर्जनों दोपहिया और चौपहिया वाहन भी फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद विभाग की लेबर ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर गिरे पत्थरों को हटाकर मार्ग बहाल करने के प्रयास किए। इसके बाद विभागीय मशीनरी पहुंचने पर सड़क पर गिरे मलबे और चट्टानों को हटाकर मार्ग वाहनों के लिए पूरी तरह से सुचारु करवाया गया।
गौरतलब है कि जिले में मौसम के खुलते ही पहाड़ दरकना आरंभ हो गए हैं। वीरवार सुबह 7:30 बजे रखालू माता मंदिर के पास दरके पहाड़ से टनों के हिसाब से मलबा और भारी भरकम चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। सड़क पर मलबा और चट्टानें गिरने से वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया। मार्ग बंद होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आखिरकार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मार्ग बंद होने की सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे विभागीय कर्मचारियों और मशीनरी ने मार्ग बहाल करवाकर लोगों को राहत प्रदान की। गाड़ियों में सफर कर रहे देसराज, प्रकाश चंद, हरिया राम, दिलीप सिंह, केवल कुमार, कमलेश कुमार, संजीव कुमार, आरती, कौशल्या और निशा ने बताया कि मार्ग बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभाग को भूस्खलनग्रस्त क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां पर मशीनरी को पहले ही तैनात कर देना चाहिए जिससे मार्ग के बंद होने पर उसे जल्द बहाल करवाया जा सके।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेेश राणा ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि सुबह साढ़े सात बजे बंद मार्ग को साढ़े नौ बजे यातायात के लिए बहाल करवा दिया गया था।