चंबा में बारिश के कारण तबाह हुई गेंहू की फसल।संवाद
चंबा। जिले में बीते दिनों हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। मौसम में आए बदलाव के कारण किसान परेशान हैं।
किसानाें का कहना है कि बारिश और ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल खेतों में ही बिछ गई है। इससे अच्छी पैदावार होने की उम्मीदों को झटका लगा है। उन्होंने कहा कि सेब के साथ सब्जियों की फसल को भी बेमौसमी बारिश और ओले गिरने से भारी नुकसान पहुंचा है।
किसानों का कहना है कि इन दिनों गेहूं की कटाई का कार्य शुरू हो जाता है। पककर खेतों में तैयार खड़ी फसल बारिश और ओलावृष्टि की भेंट चढ़ गई है। गेहूं खेतों में ही बिछ गई है। चंबा जिले के सलूणी, तीसा, भरमौर, होली और चंबा में गेहूं, सब्जियों के साथ अन्य फसलों की पैदावार की जाती है। किसान सब्जियां बाहरी राज्यों की मंडियों में बेचकर अच्छा मुनाफा कमाते हैं, लेकिन इस बार बेमौसमी बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कुछ दिन बाद गेहूं की फसल की कटाई का काम शुरू होना था। किसानों में योग राज, महेश, मोहन लाल, जीवन कुमार, प्रदीप कुमार, देवेंद्र कुमार और शाम लाल ने कहा कि उन्हें इस बार गेहूं की अच्छी फसल होने की उम्मीद थी। फसल समेटने से पहले ही बारिश और ओलावृष्टि से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है।
उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने कहा कि बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल काफी बर्बाद हुई है। इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। कहा कि कुछ दिन बाद गेहूं की फसल की कटाई दौर शुरू होने वाला है।