खज्जियार (चंबा)। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत चील बंगला के गांव भमरोता में अधंड़ से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इस वजह से गांव में बार-बार बिजली गुल हो गई है। ग्रामीणों ने इस बारे में विद्युत बोर्ड को अवगत करवाया। इसके बाद लाइन दुरुस्त करने के लिए बोर्ड की टीम मौके पर पहुंच गई है। खबर लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों लाइन अंधड़ के चलते क्षतिग्रस्त हो गई थी। विद्युत लाइन में खंभों की कमी है। ऐसे में यहां जरा सी हवा चलने पर आपूर्ति ठप पड़ जाती है। पूर्व प्रधान पवन कुमार, पूर्व उपप्रधान ज्ञान चंद, चतरो राम, अजय कुमार, रोशन लाल, उमेश कुमार, कमल कुमार, सुरेंद्र सिंह, जगदीश चंद, राजकुमार, रोशन लाल और भीमसेन का कहना है कि विद्युत खंभे बोर्ड ने नहीं लगाए हैं। ऐसे में उन्हें बिजली की आंखमिचौनी की समस्या से जूझना पड़ता है। इसके साथ ही बिजली बार-बार गुल हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत खंभों के अभाव में देवदार के पेड़ों के बीच विद्युत लाइन गुजर रही है। ऐसे में यहां कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से आग्रह किया कि विद्युत लाइन को मजबूती देने के लिए विद्युत खंभों की व्यवस्था की जाए। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता हरी सिंह का कहना है कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द जरूरी जगहों पर खंभे स्थापित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली लाइन दुरुस्त के लिए टीम मौके पर मौजूद है। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।